![]()

सूरतगढ़ के पास 37 पीबीएन गांव स्थित खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय एक किसान की मौत हो गई। खेत में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने उसे राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सूरतगढ़ के वार्ड नंबर 1 निवासी दिलीप (55) पुत्र बीरबल राम नायक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर सिटी पुलिस ट्रॉमा सेंटर पहुंची और पूछताछ के बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।
थाना के हेड कॉन्स्टेबल महावीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि मृतक के पुत्र अशोक कुमार ने थाने में मर्ग दर्ज कराई है। अशोक ने बताया कि उसके पिता दिलीप 37 पीबीएन गांव स्थित खेत में फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे थे, तभी दवा के असर से वे अचेत हो गए।
आसपास काम कर रहे अन्य किसानों और ग्रामीणों ने तुरंत दिलीप को राजकीय चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हेड कॉन्स्टेबल ने यह भी बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।






