![]()
अनूपगढ़ विधानसभा के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम को स्टेट हाइवे 94 पर एक सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। हादसा शाम करीब 7 बजकर 15 मिनट पर हुआ।
श्रीविजयनगर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे जुगाड़ वाहन (घडूका) से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार बांडा निवासी शंकर लाल की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अनीस कुमार और जुगाड़ चालक राकेश कुमार पुत्र बंशीलाल निवासी लालगढ़ घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलने पर रामसिंहपुर थानाधिकारी अजय कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया और घायलों को पीएचसी रामसिंहपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां शंकर लाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर आवागमन बहाल कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क का डिवाइडर अचानक शुरू होता है। यहां कोई साइन बोर्ड या चेतावनी संकेतक नहीं है, जिससे वाहन चालक अचानक सामने आई बाधा से टकरा जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस जगह पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई सुधार नहीं किया गया।






