![]()
जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में एबीवीवी की प्रांत मंत्री पूनम भाटी के नकल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर मंगलवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के मुख्य ऑफिस पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रो ने जमकर नारेबाजी की और विश्विविद्यालय प्रशासन पर पूरे मामले को दबाने का आरोप लगाया। वहीं उन्होंने सेंटर सुपरिटेंडेंट को हटाने की मांग की।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया के जरिए सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।
पूनम भाटी को मोबाइल से नकल करते पकड़ा था
दरअसल, JNVU में एमए हिंदी सेकेंड सेमेस्टर की सोमवार सुबह 7 से 10 बजे की पारी में परीक्षा चल रही थी। इस दौरान जब डिप्टी सुपरिटेडेंट राजश्री राणावत जांच के लिए पहुंची तो पूनम भाटी मोबाइल से नकल कर रही थी। ऐसे में राणावत ने तुरंत नकल करते हुए पकड़ा और पूनम की कॉपी चेंज कर नकल प्रकरण का मामला बनाया।
हालांकि, इसके बाद ABVP के पदाधिकारियों के साथ-साथ यूनिवर्सिटी प्रशासन भी पूरे मामले को रफा-दफा करवाने में जुट गया। पूनम भाटी को इसी साल जनवरी में ABVP की प्रांत मंत्री बनाया गया था।
पूनम कंवर भाटी जैसलमेर जिले के झिनझिनयाली ग्राम की निवासी है। पूनम कंवर ने वर्ष 2024 में NSS के माध्यम से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होने वाली राष्ट्रीय परेड में राजस्थान का प्रतिनिधित्व भी किया था।

सरकार और संगठन पर मामले को दबाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान NSUI के जिला अध्यक्ष बबलू सोलंकी ने बताया कि एबीवीपी की प्रांत मंत्री पूनम भाटी JNVU के हिंदी सेमेस्टर सेकेंड की परीक्षा में मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ी गई। सेंटर की डिप्टी सुपरिटेंडेंट मौके पर पहुंची। इस दौरान उनका मोबाइल पकड़ा गया, नकल का केस बनाया गया, लेकिन सरकार और संगठन के दबाव में उनका मोबाइल वापस दे दिया गया। जिम्मेदार उन्हें बचाने में लग गए।

एनएसयूआई ने पुनम भाटी को पद से हटाने की मांग की
आगे उन्होंने कहा कि NSUI इस पूरे मामले का विरोध करती है। एबीवीपी जो ज्ञान, एकता, शील की बात करती है तो हम एबीवीपी संगठन से भी मांग करते हैं कि पूनम भाटी को पद से तुरंत हटाया जाए।
वहीं मामला सामने आने के बाद NSUI से लेकर विभिन्न संगठनों और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया एक्स पर सवाल उठाए।
सत्ता के दम पर मामले को दबाने के लिए पूरी भाजपा जुटी- बेनीवाल
बेनीवाल ने कहा कि पहले जोधपुर स्थित MBM यूनिवर्सिटी में कानून मंत्री जोगाराम पटेल की पोती नकल करते हुए पकड़ी गई और अब भाजपा के ही छात्र संघठन ABVP की प्रांत मंत्री पूनम भाटी जोधपुर स्थित जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में नकल करते हुए पकड़ी गई, सत्ता के दम पर इस मामले को दबाने के लिए पूरी भाजपा लगी हुई है।
आगे उन्होंने कहा कि , मेरा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से प्रश्न है कि विधि मंत्री की पोती वाले मामले को आपकी पार्टी ने दबाने का प्रयास किया, अब इस मामले को लेकर आपकी पार्टी का क्या रुख रहेगा ?
ABVP ने छात्रा पूनम भाटी से मामले में जवाब मांगा
वहीं यह पूरा मामला मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए संज्ञान में आने के बाद एबीवीपी ने प्रांत मंत्री पूनम भाटी से स्पष्टीकरण मांगा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कहना है कि संगठन शिक्षा क्षेत्र में सदाचार और पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है।
संगठन ने बताया कि संबंधित छात्रा कार्यकर्ता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति से इस पूरे मामले की जांच आंतरिक समिति द्वारा की जाएगी।
इस मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए।
जोधपुर में ABVP की प्रांत मंत्री नकल करते पकड़ी गई:नई दिल्ली के गणतंत्र दिवस परेड में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुकी है

ABVP की जोधपुर प्रांत की मंत्री पूनम भाटी परीक्षा में नकल करते पकड़ी गई हैं। दरअसल, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में M.A हिंदी सेकेंड सेमेस्टर की सोमवार सुबह 7 से 10 बजे की पारी में परीक्षा चल रही थी।
इसी दौरान जांच करने के लिए डिप्टी सुपरिटेडेंट राजश्री राणावत पहुंचीं। उन्होंने पूनम भाटी को मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ लिया। पूनम की कॉपी चेंज कर नकल प्रकरण का मामला बनाया।






