![]()
अडानी ग्रीन एनर्जी में 2021 में लगभग 2.5 अरब डॉलर का निवेश कर करीब 19% हिस्सेदारी लेने वाली फ्रांस की दिग्गज कंपनी टोटलएनर्जीज अब अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचने पर विचार कर रही है। भारत की सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी मानी जाने वाली अडानी ग्रीन में यह निवेश पिछले चार वर्षों में कंपनी को मजबूत रिटर्न दे चुका है, जिसके बाद टोटलएनर्जीज आंशिक एग्जिट की योजना बना रही है।
![]()
फ्रांस की बड़ी एनर्जी कंपनी टोटल एनर्जीज ने भारत की रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी में कई साल पहले बड़ा निवेश किया था। कंपनी ने 2021 में अडानी ग्रीन में लगभग 2.5 अरब डॉलर, यानी करीब 20,000 करोड़ रुपये, लगाकर करीब 19% हिस्सेदारी खरीदी थी। अब समय के साथ इस निवेश की कीमत बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है। जिस निवेश की कीमत पहले 2.5 अरब डॉलर थी, वह अब बढ़कर लगभग 8 अरब डॉलर हो गई है।
इसी वजह से टोटल एनर्जीज अपने इस निवेश का कुछ हिस्सा बेचकर मुनाफा कमाना चाहती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपनी करीब 6% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में है। यह हिस्सेदारी दो कंपनियों के जरिए रखी गई है—एक कंपनी के पास लगभग 15.58% और दूसरी के पास 3.41% शेयर हैं।
अगर टोटल एनर्जीज ये 6% हिस्सेदारी बेचती है, तो अडानी ग्रीन एनर्जी के मौजूदा मार्केट कैप के हिसाब से कंपनी को लगभग 10,200 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि यह हिस्सेदारी खुद अडानी ग्रीन एनर्जी ही खरीद सकती है, लेकिन अभी दोनों कंपनियों ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
टोटल एनर्जीज ने पहले ही कह दिया था कि वह अडानी ग्रीन के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाने की योजना नहीं बना रही। कंपनी एशिया में अपने कई रिन्यूएबल एनर्जी एसेट्स बेचने पर भी विचार कर रही है ताकि वह अपने ऊपर बढ़ते कर्ज को कम कर सके।
अडानी ग्रीन एनर्जी भारत की सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों में से एक है और तेजी से अपनी क्षमता बढ़ा रही है। कंपनी का लक्ष्य है कि वह 2030 तक 50 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता तक पहुंच जाए। अभी उसके पास 16.6 गीगावाट से ज्यादा की ऑपरेशनल क्षमता है और गुजरात के खावड़ा में दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट भी बना रही है।






