![]()

जोधपुर शहर में महिलाओं की सुरक्षा और आमजन को स्मार्ट पुलिसिंग से जोड़ने के लिए पुलिस की ‘कालीका टीम’ ने एक अनोखा अभियान शुरू किया है। टीम इन दिनों सिटी बसों में सवार होकर यात्रियों को ‘राजकोप सिटिजन ऐप’ डाउनलोड करने का आग्रह कर रही है।
कालीका टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने बसों में सफर कर लोगों को बताया कि यह ऐप नागरिकों और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सबसे आसान माध्यम है। उन्होंने यात्रियों को मोबाइल पर ऐप डाउनलोड करवाते हुए इसके फीचर्स की जानकारी दी।

कालीका टीम ने बताया कि राजकोप सिटिजन ऐप खासतौर पर महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी है। किसी भी खतरे की स्थिति में महिला “SOS बटन” दबाकर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से मदद मांग सकती है।
ऐप से भेजा गया अलर्ट सीधे कंट्रोल रूम में पहुंचता है और लोकेशन ट्रैक कर पास की पुलिस टीम मौके पर रवाना हो जाती है।
इस ऐप के माध्यम से नागरिक एफआईआर की स्थिति जान सकते हैं, पुलिस वेरिफिकेशन करा सकते हैं, खोई वस्तु की रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं और ट्रैफिक जुर्माने से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
कालीका टीम की इस पहल को यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कई लोगों ने मौके पर ही ऐप डाउनलोड किया और इसकी उपयोगिता को सराहा। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद हर नागरिक को डिजिटल माध्यम से सुरक्षा से जोड़ना है, ताकि मदद सिर्फ एक क्लिक की दूरी पर हो।






