हरियाणा में आज (29 जुलाई) पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। सुबह से पानीपत, अंबाला, फरीदाबाद और पंचकूला में तेज बारिश हो रही है। गुरुग्राम में सुबह हल्की बारिश के बाद से लगातार बादल छाए हुए हैं। यहां तेज बारिश के आसार हैं।
अंबाला में बारिश के बाद वाहनों की रफ्तार थम गई। जिस वजह से दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। अचानक हुई बारिश से लोग खुद को बचाने के लिए पुल के नीचे खड़े हो गए।
पानीपत में थोड़ी देर की तेज बारिश के बाद जलभराव हो गया है। यहां सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने दोपहर 1 बजे तक 17 जिलों, करनाल, जींद, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला में मध्यम बारिश और नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, फतेहाबाद, पंचकूला और यमुनानगर में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, आज, मंगलवार को 13 जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इनमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, मेवात और पलवल शामिल हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। इसके बाद आगामी कुछ दिनों में हल्की बारिश होगी।

