![]()
मनीष कुमार सिंह,
सहरसा: सदर अस्पताल परिसर में पत्रकार और चिकित्सक के बीच हुई घटना को लेकर सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने चिंता जताते हुए इसे निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
विधायक ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जबकि चिकित्सक जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करते हैं। ऐसे में दोनों के बीच विवाद या हिंसक व्यवहार उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में प्रथम दृष्टया चिकित्सक द्वारा पत्रकार के साथ अभद्र भाषा के प्रयोग और मारपीट की बात सामने आ रही है। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत या आपत्ति के समाधान के लिए कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए।
विधायक ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच कराने की मांग की। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों, चिकित्सकों सहित समाज के सभी वर्गों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी विवाद का समाधान संवाद, संयम और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।






