![]()
आदित्य धर की नई फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है और दर्शकों की पहली प्रतिक्रियाएँ तेजी से सामने आ रही हैं। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे सितारों से सजी इस मल्टीस्टारर को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा है। दर्शक अपनी प्रतिक्रियाएँ साझा कर फिल्म की परफॉर्मेंस, एक्शन और स्टारकास्ट की तारीफें कर रहे हैं। पढ़िए सोशल मीडिया पर लोगों का क्या कहना है:
![]()
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर’, जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है, 5 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है। फिल्म की कहानी 1999 में हुए कुख्यात IC-814 हाइजैक और 2001 के भारतीय संसद हमले के बाद की घटनाओं से प्रेरित है। जैसे ही फिल्म थिएटर्स में पहुंची, दर्शकों और समीक्षकों की पहली प्रतिक्रियाएँ सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगीं। कई लोगों ने इसे साल की सबसे प्रभावशाली और तीव्र एक्शन-थ्रिलर बताया है, जो शुरुआत से ही दर्शकों को कहानी में बांध लेती है।
रणवीर सिंह के प्रदर्शन को ‘कैरेयर बेस्ट’ कहते हुए फैंस ने लिखा कि उन्होंने फिल्म के हर सीन में अपना जलवा दिखाया है। वहीं अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल की एक्टिंग को भी भरपूर सराहना मिली है। दर्शकों को लगा कि हर कलाकार अपनी भूमिका में पूरी तरह ढला है और इनके अभिनय ने कहानी की मजबूती को कई स्तर ऊपर पहुंचाया है। सोशल मीडिया पर आए रिव्यूज़ बताते हैं कि फिल्म के तीखे संवाद, ग्रिपिंग स्क्रीनप्ले और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंसेज़ ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
जहाँ ‘धुरंधर’ के कंटेंट और स्टारकास्ट ने जबरदस्त बज़ बनाया है, वहीं इसकी एडवांस बुकिंग उस स्तर पर नहीं पहुँची, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। फिल्म को देशभर की 5000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है और इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता स्पष्ट दिख रही है, लेकिन बुकिंग की रफ्तार ‘तेरे इश्क में’ की ब्लॉकबस्टर परफॉर्मेंस से प्रभावित होती दिखाई दी। कृति सेनन और धनुष की फिल्म पहले ही 6 दिनों में 100 करोड़ पार कर चुकी है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ को कड़ी टक्कर मिल रही है।
फिर भी शुरुआती आंकड़े उम्मीद जगाते हैं। ‘ईटाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने 2D फॉर्मेट में 14,000 से अधिक शो के जरिए 2.55 लाख से ज्यादा टिकट बेच डाले, जबकि IMAX फॉर्मेट के 123 शो से करीब 45 लाख रुपये की कमाई अतिरिक्त हुई। एडवांस बुकिंग की कुल कमाई लगभग 14 करोड़ रुपये के आसपास पहुँच गई है, जिसमें महाराष्ट्र और दिल्ली टॉप रीजन रहे। विश्लेषकों का अनुमान है कि ‘धुरंधर’ पहले दिन 15–20 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर सकती है। हालांकि इसके 250 करोड़ रुपये के बड़े बजट को देखते हुए यह भी स्पष्ट है कि फिल्म की लंबी रेस वर्ड ऑफ माउथ और सोशल मीडिया पर सकारात्मक रिव्यूज़ पर ही निर्भर करेगी।
अब देखना यह है कि मजबूत स्टारकास्ट, दमदार कहानी और दर्शकों की शुरुआती प्रशंसा के दम पर ‘धुरंधर’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।






