![]()
जेमिमा रोड्रिग्स के शानदार शतक की बदौलत भारतीय महिला टीम ने गुरुवार को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली। टीम की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर बॉलीवुड सितारों ने भी गर्व जताया और सोशल मीडिया पर जमकर रिएक्ट किया। आइए देखें किसने क्या कहा।
![]()
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश के साथ बॉलीवुड भी जश्न में डूब गया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस यादगार पल को जेमिमा रोड्रिग्स के शानदार शतक ने और भी खास बना दिया। मैदान पर उनके दमदार प्रदर्शन और भारतीय टीम के आत्मविश्वास से भरे खेल ने हर किसी का दिल जीत लिया।
इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की। करीना कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मैच की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “और जैसा मैंने कहा था, लड़कियां सब कुछ कर सकती हैं। हिम्मत और दृढ़ संकल्प के साथ… शाबाश टीम इंडिया, फाइनल में मेरी लड़कियों!” उन्होंने जेमिमा की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “धन्यवाद, शानदार जेमिमा।”
![]()
वरुण धवन ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए जेमिमा की तस्वीर शेयर की और लिखा, “मेरी हीरो।” वहीं ऋषभ शेट्टी ने एक्स पर ट्वीट किया, “भारत के लिए क्या ही पल है! हमारी महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर रोमांचक जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई है। मैदान पर जो दृढ़ संकल्प, एकता और प्रतिभा दिखाई दी, वह अभूतपूर्व है। जेमिमा रोड्रिग्स, आपका शतक वाकई कमाल का था!”
सुनील शेट्टी ने भी इस शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “339 का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं था, लेकिन भारत ने विश्वास और जज़्बे के साथ इतिहास रच दिया। जेमिमा का नाबाद शतक और टीम का निडर प्रदर्शन—यह असली जादू है!”
अर्जुन रामपाल ने इंस्टाग्राम पर लंबा नोट लिखते हुए टीम की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “हर दिन इस तरह का मुकाबला देखने को नहीं मिलता। यह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल है। हमारी लड़कियों को सलाम, आप पहले ही चैंपियन हैं। जेमिमा रोड्रिग्स, आपने एक अरब से ज़्यादा दिल जीत लिए हैं!”
मनोज बाजपेयी और अन्य कलाकारों ने भी भारतीय टीम की इस शानदार जीत को गर्व का क्षण बताया। सभी ने एक स्वर में कहा कि भारतीय महिला टीम ने न केवल फाइनल में जगह बनाई है, बल्कि पूरे देश का सिर ऊंचा कर दिया है।






