![]()

बेतिया में बगहा प्रखंड अंतर्गत बड़गांव पंचायत के वार्ड नंबर 11 में हल्की बारिश के बाद मुख्य सड़क पर जलजमाव हो गया है। इससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जमा पानी कई दिनों तक नहीं निकलता, जिससे कीचड़ और गंदगी फैल जाती है। स्थानीय लोगों को इसी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई होती है, वहीं मजदूरों और किसानों को बाजार तक पहुंचने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सड़क और नाली की समस्या दूर करने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय निवासी सुमित तिवारी ने बताया कि हल्की सी बारिश भी लोगों के लिए मुसीबत बन जाती है, क्योंकि सड़क तालाब का रूप ले लेती है और जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह से विफल है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सरकारी योजनाओं और पंचायत स्तर पर खर्च की गई राशि केवल कागजों पर ही दिखाई देती है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास के नाम पर कुछ भी नजर नहीं आता।
इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार पंचायत और प्रखंड स्तर पर अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान गुड्डू पंडित, मुकेश तिवारी, सुनील तिवारी, मल्लू कुमार, संतोष सोनी, उमेश मिश्रा सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।






