![]()

जोधपुर रेल मंडल के लूणी क्षेत्र में किसी बदमाश ने पटरियों पर बजरी डालकर रेल मार्ग को बाधित कर दिया। इस कारण जोधपुर से साबरमती ट्रेन रास्ते में करीब एक घंटे तक बीच रास्ते में अटकी रही। कैटल रनओवर की वजह से ट्रैक की क्लिप्स भी टूट गईं, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जानकारी अनुसार लूणी रेलवे स्टेशन के पास की फाटक संख्या सी-1 पर मंगलवार सुबह किसी अज्ञात वाहन (संभवतया डंपर) ने बड़ी मात्रा में बजरी खाली कर दी। इसके कुछ देर बाद ही एक मालगाड़ी समदड़ी की तरफ से जोधपुर आ रही थी। इसे देखकर गेटमैन सानू खां ने भागते हुए उस मालगाड़ी के सामने लाल झंडी दिखाते हुए रुकवाया। इसके बाद ट्रेक से बजरी हटाकर मालगाड़ी को रवाना किया जा सका।

दूसरी ओर मंगलवार सुबह जोधपुर-साबरमती इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20485) धुंधाड़ा से आगे अजीत स्टेशन के पास एक गोवंश के अचानक पटरी पर आ जाने से हादसे का शिकार हुई। दुर्घटना में ट्रेन के इंजन के नीचे गोवंश के टुकड़े फंस गए और पटरी की कई क्लिप्स खुल गईं, जिससे ट्रैक पर करीब एक घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। इंजन के नीचे फंसे गोवंश के टुकड़ों को बाहर निकालने के साथ ही टूटी क्लिप्स को सही किया गया। इसके बाद सुरक्षा जांच पूरी होने पर ट्रेन रवाना की गई।






