![]()
![]()
सावन महीने की शुरुआत होते ही उज्जैन में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग मंदिर को पर्यटक स्थल समझकर रील्स बना रहे हैं, जबकि मंदिर परिसर में रील बनाना प्रतिबंधित है।
इसके बावजूद कुछ लोग न सिर्फ रील बना रहे हैं, बल्कि चोरी-छुपे मोबाइल अंदर ले जाकर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। वहीं, कुछ युवतियां अशोभनीय कपड़े पहनकर दर्शन के लिए पहुंच रही हैं। इस पर मंदिर के पुजारी ने आपत्ति जताई है।

कपल ने मंदिर में किया डांस, युवती ने अशालीन फोटो की पोस्ट
11 जुलाई से शुरू हुए सावन मास में देशभर से श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंच रहे हैं। ऐसे में सावन के पहले ही दिन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक कपल मंदिर के शिखर के ठीक नीचे खड़ा होकर रील बना रहा है। रील में युवक युवती का हाथ पकड़कर कपल डांस करते हुए नजर आ रहा है। आसपास मौजूद श्रद्धालु यह सब देख रहे थे। बाद में कुछ लोगों ने कपल को समझाया और मंदिर में ऐसा आचरण न करने की हिदायत दी।
इसी तरह एक युवती ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें वह मंदिर परिसर में अशालीन कपड़े पहने हुए नजर आ रही है। उसने अपनी पोस्ट में लिखा, “सावन माह के पहले दिन बाबा महाकाल के दर्शन किए।”

पुजारी बोले- महाकाल मंदिर में रील बनाना सबसे बड़ा अधर्म
महाकाल मंदिर के वरिष्ठ पुजारी महेश शर्मा ने मंदिर में रील बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा, युवतियों को विशेष रूप से अपने पहनावे पर ध्यान देना चाहिए। मंदिर में रील बनाना सबसे बड़ा अधर्म है। देश के सभी बड़े मंदिरों का निर्माण इसलिए किया गया था कि लोग यहां आकर दर्शन करें और आध्यात्मिक ऊर्जा से अपना चरित्र निर्माण करें।
सभी मंदिर शिक्षा स्थली हैं, लेकिन जब से मंदिरों को कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है, तब से फोटो और रील बनाने का चलन बढ़ गया है। इससे धर्म स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। कुछ लोग गले में हाथ डालकर दोस्तों को नचाते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ट्रस्ट को सख्ती करनी चाहिए और ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए।

मोबाइल ले जाने की ट्रिक बताने वाला वीडियो आया सामने
महाकाल मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा मोबाइल रखने के लिए लॉकर की व्यवस्था की गई है, लेकिन कुछ लोग सेल्फी और वीडियो के लिए मोबाइल छिपाकर अंदर ले जाते हैं। हाल ही में एक युवती ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला, जिसमें वह महाकाल मंदिर में चोरी-छुपे मोबाइल ले जाने की “ट्रिक” बता रही है। खास बात यह है कि उसने यह वीडियो सार्वजनिक रूप से सोशल मीडिया पर शेयर भी कर दिया।






