![]()

जोधपुर ग्रामीण के ओसियां थाना इलाके में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ओसियां से 6 किलोमीटर दूर फलोदी रोड की ओर जाते समय ट्रेलर और मिनी ट्रक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रेलर के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिनी ट्रक ड्राइवर के मामूली चोट आई है। घटना में ट्रेलर और मिनी ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। शुक्रवार को देर रात दो बजे की घटना है।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर के शव को एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस की ओर से हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

ओसियां थाने के ASI सहीराम ने बताया- हादसा शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे हुआ। ओसियां से 6 किलोमीटर आगे फलोदी रोड की तरफ जाते समय सिरमंडी रोड पर अचानक ट्रेलर और मिनी ट्रक में टक्कर हो गई। ट्रेलर में कपड़े की गांठे भरी हुई थीं। जबकि मिनी ट्रक में पाइप भरे हुए थे। मिनी ट्रक ओसियां की तरफ आ रहा था। वहीं ट्रेलर ओसियां से फलोदी रोड की तरफ जा रहा था। हादसे में बीकानेर निवासी दिलीप सिंह की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक दिलीप सिंह ट्रेलर चला रहा था। ट्रेलर के केबिन में फंसने की वजह से उसकी मौत हो गई। जबकि मिनी ट्रक में सवार ड्राइवर को मामूली चोट लगी। हादसे के बाद मृतक के शव को MDM हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया है।






