![]()

जोधपुर के सिवांची गेट स्थित रेग्जीन के गोदाम में आज दोपहर अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 2:30 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आग से गोदाम के अंदर रखा रेग्जीन का सामान जलकर राख हो गया।
दो घंटे में पाया आग पर काबू
सिवांची गेट के अप्पू रेग्जीन हाउस पर आज दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की नागौरी गेट, शास्त्री नगर, बासनी, चौपासनी से गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 22 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दोपहर 2:30 बजे आग पर काबू पा लिया। यहां बना टीन शेड आग से गिर गया।

आस-पास के लोग दहशत में आ गए
आग की वजह से पीछे बने दो मकानों के छत पर बनी पानी की टंकी में भी आग लग गईं। इस दौरान आस-पास के लोग भी दहशत में आ गए। जिस जगह पर आग लगी वहां बर्फ फैक्ट्री और एग्रो गोदाम भी हैं। पास ही एक बिजली ट्रांसफॉर्मर भी था, यदि वहां तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
शहर में गोदाम बने खतरा
गौरतलब है कि जोधपुर शहर में कई जगहों पर गोदाम बने हुए हैं। जिनकी फायर NOC भी नहीं है। कई गोदाम भीतरी शहर में भी हैं, जो अवैध तरीके से संचालित किए जाते हैं। कई बार आग लगने पर इससे आस पास के लोगों को खतरा हो जाता है। नगर निगम की ओर से इसको लेकर महज कार्रवाई के दावे ही किए जाते हैं।







