![]()

श्रीगंगानगर में एक भिखारी से दिनदहाड़े मारपीट और लूट करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाश भिखारी के पास पैसे छुट्टे करवाने के बहाने रुके थे और हजारों कैश छीनकर भाग गए। घटना श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र की है।
एसपी को दी रिपोर्ट में बनारसी शर्मा निवासी सुदमानगर (श्रीगंगानगर) ने बताया कि वह पैरों से विकलांग है और बालाजी धाम के पास आने-जाने लोगों से भीख मांगता है। शाम के करीब 4 बजे बालाजी धाम के पास भीख मांगने के लिए बैठा था। इस दौरान दो युवक उसके पास आए और 500 रुपए छुट्टे मांगे। जैसे ही बनारसी बदमाशों को छुट्टे पैसे देने लगा तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
जिसके बाद बदमाश भिखारी से भीख के 13 हजार रुपए छीनकर बाइक से फरार हो गए। फिलहाल एसपी के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सतवीर सिंह कर रहे हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।






