![]()
![]()
सचेंडी के दुकानदार को अगवा कर किदवई नगर स्थित संस्कार गेस्ट हाउस एंड होटल लाया गया था। यहां पर दरोगा प्रवास ने पहले से ही दो कमरे बिना रुपए दिए बुक करके रखे थे। मंगलवार को सचेंडी पुलिस पीड़ित दुकानदार को अपने साथ लेकर होटल पहुंची। इस दौरान होटल के एक सफाई कर्मी ने देखते ही उसे पहचान लिया।
![]()
पुलिस ने होटल की डीवीआर कब्जे में ली
वह पुलिस को बोला, सर हम दो जुलाई को कमरे में साफ सफाई करने पहुंचे थे तो दरोगा प्रवास व उनके साथी बेड पर बैठे थे, जबकि दुकानदार नीचे जमीन पर बैठे हुए थे। बेहद डरे हुए दिखाई दे रहे थे। हमने पूछने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों ने कह दिया कि जाकर अपना काम करो। पुलिस ने होटल की डीवीआर भी अपने कब्जे में ली है। उधर पुलिस आरोपी दरोगा और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।

जानिए पूरा मामला…
सचेंडी के सिद्धपुर गांव निवासी किराना दुकानदार राम बहादुर को मध्य प्रदेश की क्राइम ब्रांच बताकर कार सवार घर से अगवा कर किदवई नगर स्थित होटल ले गए थे। वहां पर रात भर पिटाई के बाद 5 लाख रुपए मांगे गए। अगले दिन 3 जुलाई को उसे किदवई नगर पुलिस चौकी ले जाया गया, वहां भी पीटा गया। पूरी घटना में किदवई नगर चौकी इंचार्ज प्रवास शर्मा की कार का इस्तेमाल किया गया। प्रवास ने मारपीट भी की।

गहने बेचकर तीन लाख रुपए दिए तब छोड़ा
राम बहादुर की पत्नी अपने गहने बेच कर रात करीब 10 बजे साकेत नगर स्थित हांडा शोरूम के सामने पहुंची और तीन लाख रुपए दिए तब जाकर दुकानदार को छोड़ा गया था। सचेंडी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस टीम मंगलवार को पीड़ित को लेकर किदवई नगर पहुंची थी। पता चला कि किदवई नगर चौराहे स्थित संस्कार गेस्ट हाउस में राम बहादुर को लेकर जाया गया था। सभी होटल कर्मियों के बयान भी लिए गए हैं। उन्होंने भी पहचान कर ली है।






