पाकिस्तान में अदालत के बाहर हुए बम विस्फोट के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों में डर का माहौल है और कई खिलाड़ी स्वदेश लौटना चाहते हैं। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा हालात पर चिंता जताने के बावजूद टीम को दौरा जारी रखने का निर्देश दिया है। बोर्ड का कहना है कि पाकिस्तान ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और सीरीज को रद्द करना फिलहाल संभव नहीं है।
पाकिस्तान के रावलपिंडी में अदालत के बाहर हुए बम धमाके में 12 लोगों की मौत और 27 के घायल होने के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम में डर और असमंजस का माहौल है। करीब 9 खिलाड़ी दौरे के बीच में ही स्वदेश लौटना चाहते हैं, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें धमकी भरे लहजे में आदेश दिया है कि टीम को दौरा जारी रखना होगा, वरना उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने दूसरे और तीसरे वनडे मैच की तारीखों में बदलाव किया है। यह घटना 2009 के उस आतंकी हमले की याद ताजा कर देती है जब लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर हमला हुआ था, जिसके बाद वर्षों तक पाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बंद रहा।