![]()
“भारत-ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज खत्म, अब टी20 मुकाबले में होगी रोमांचक भिड़ंत”

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज में आमने-सामने होंगी। लेकिन इससे पहले टीम इंडिया के फैंस के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि श्रेयस अय्यर की तबीयत में अब काफी सुधार हुआ है। तीसरे वनडे में फील्डिंग के दौरान चोट लगने के बाद अय्यर को सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है।
सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “अय्यर अब बिल्कुल ठीक हैं, वह बात कर रहे हैं और सभी के सवालों का जवाब भी दे रहे हैं। जब मुझे चोट के बारे में पता चला तो मैंने तुरंत टीम फिजियो से बात की। अब अय्यर फोन पर बात कर रहे हैं, इसका मतलब है कि वह रिकवरी पर हैं।” सूर्या ने मजाकिया लहजे में कहा कि अय्यर एक “रेयर टैलेंट” हैं और उनके साथ रेयर चीजें ही होती हैं, लेकिन भगवान की कृपा से अब सब ठीक है। कप्तान ने यह भी जोड़ा कि सीरीज खत्म होने के बाद टीम इंडिया उन्हें अपने साथ लेकर ही भारत लौटेगी।
इस बीच बीसीसीआई के एक सूत्र ने भी पुष्टि की है कि श्रेयस अय्यर की स्थिति स्थिर है और अगले कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं और टीम प्रबंधन उनसे निरंतर संपर्क में है।
गौरतलब है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 29 अक्टूबर से कैनबरा में होगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। इस सीरीज को दोनों टीमों के लिए टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।






