![]()

जोधपुर में एम्स हॉस्पिटल के बाहर सड़क पर वाहनों के खड़े होने से जाम की स्थिति बनने की शिकायत पर पुलिस ने आज कार्रवाई की। पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े 50 दो पहिया और चार पहिया वाहनों के खिलाफ चालान बनाए।
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में डीसीपी ट्रैफिक शाहीन सी और एडीसीपी दुर्गाराम चौधरी के निर्देशन में एम्स के सामने यह कार्रवाई की गई। पुलिस ASI शिवलाल ने जाब्ते के साथ वाहनों का चालान बनाया।
सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण से लगता जाम बता दें कि एम्स हॉस्पिटल के सामने की सड़क से लेकर हॉस्पिटल की तरफ आने-जाने वाले मार्ग पर दोनों तरफ सड़क पर वाहन खड़े रहते हैं। मेडिकल दुकानदारों ने भी सड़क को कब्जा करके उस पर पार्किंग बना दी है। इसके चलते वाहन चालक और राहगीर परेशान है। सड़क से हर दिन 25 हजार से ज्यादा वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण और वाहनों की पार्किंग की वजह से वाहन चालकों का निकलना भी मुश्किल हो जाता हैं।
अवैध तरीके से ठेले और केबिन लगे एम्स हॉस्पिटल के सामने की सड़क पर अवैध तरीके से ठेले और केबिन लगा दिए गए हैं, जिन्होंने फुटपाथ तक कब्जा कर दिया है। इन ठेले वालों से अवैध तरीके से किराया भी लिया जाता है। नगर निगम को भी इसकी जानकारी होने के बावजूद इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। इसका खामियाजा यहां से निकलने वाले मरीजों के परिजनों को भुगतना पड़ता है।






