![]()

गयाजी में जिस लड़के को बीए की छात्रा भाई मानती थी, वो लड़की को बदनाम कर रहा है। छात्रा के नाम का इंस्टा आईडी बनाकर उसकी अश्लील फोटो डाल रहा। परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा। कोचिंग जाते वक्त पीड़िता के भाई को गोली मारने की धमकी भी दे चुका है।
पीड़िता के घर आरोपी लड़के विपिन पटेल का आना-जाना बचपन से है। छात्रा के घर से कुछ ही दूरी पर लड़के का घर है। छात्रा और उसके घर वाले लड़के को घर का सदस्य मानते थे। पिछले 5 महीने पहले पीड़िता की शादी तय हुई थी, जिसके बाद से विपिन ने परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया।
पीड़िता के घर वालों के अनुसार विपिन छात्रा से शादी करना चाहता था, पर छात्रा ने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया था। जिसके बाद विपिन ने उसे बदनाम करने की ठान ली।
जिस लड़के से शादी होने वाली थी उस लड़के को भी धमका दिया कि अगर शादी की तो तुम्हारी हत्या हो जाएगी। जिसके बाद लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। मामला बोधगया का है।

बेटी की सुरक्षा के लिए 30 किमी दूर नानी घर भेज दिया है, लड़के की धमकियों-हरकतों से परिवार में दहशत, भास्कर से क्या बोले मां-भाई पढ़िए रिपोर्ट…
बेटे-बेटी को कॉलेज भेजना बंद किया
भास्कर की टीम पीड़ित परिवार के घर पहुंची। उस समय पीड़िता के पिता घर पर नहीं थे, वे प्राइवेट नौकरी करते हैं। ड्यूटी पर गए थे। उनसे मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला उनका मोबाइल खराब है।
इसी बीच पीड़िता का भाई मिला। उसने अपनी मां से हमारी मुलाकात कराई। जिसके बाद मां-बेटे ने पूरी कहानी बताई। मां का कहना है कि जिस लड़के ने हमारी जिंदगी बर्बाद कर रखी है। उसे हमने अपना माना था। हमारी जाती भी एक है। उसके परिवार वाले भी उसे नहीं समझा रहे हैं। इस कारण उसने हद पार कर दी है। उसके कारण मैंने अपने बच्चों को कॉलेज भेजना भी बंद कर दिया है।

उस लड़के ने सब बर्बाद कर दिया
पीड़िता की मां ने कहा, मैंने अपनी बेटी की शादी बड़े ही अच्छे घर में तय की थी। रुपए भी दिए थे। पर उस लड़के ने सब बर्बाद कर दिया। विपिन ने लड़के वालों को जान से मारने की धमकी दे दी। बेटी की खराब तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसने भेज दिया।
एक दिन मेरी बेटी नानी घर डोभी जा रही थी। विपिन ने पूरे रास्ते बेटी का पीछा किया। मेरे पति प्राइवेट नौकरी करते हैं।






