![]()

दरभंगा में सदर प्रखंड के भालपट्टी पंचायत स्थित कर्बला मैदान में रविवार को दलित, अति पिछड़ा-अल्पसंख्यक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉ. इजहार अहमद ने की। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी देर से पहुंचे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बच्चों के साथ मांझी का 81वां जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। मंच पर उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मानित किया।
सभा को संबोधित करते हुए मांझी ने कहा कि अगर हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को आगामी विधानसभा चुनाव में 20 सीटें मिलती हैं, तो सरकार पर और अधिक प्रभावी दबाव बनाकर विकास की रफ्तार बढ़ाई जा सकती है।
‘अभी हमारी पार्टी के चार विधायक हैं, इसलिए कई मुद्दों पर हम सरकार पर उतना दबाव नहीं डाल पाते। अगर हमारी संख्या बढ़ेगी, तो बिहार में बिजली फ्री करने और लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा देने जैसे फैसले लागू करवा सकते हैं।’
कुछ लोगों को विकास दिखाई नहीं देता
इसके अलावा मांझी ने कहा कि बिहार में एनडीए की डबल इंजन सरकार विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि ‘कुछ लोग कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार में विकास नहीं हुआ है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि जैसे कुछ पक्षियों को दिन में दिखाई नहीं देता, वैसे ही कुछ लोगों को विकास दिखाई नहीं देता। इसमें सरकार का क्या दोष है। राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही कई योजनाओं जैसे पेंशन योजना में बढ़ोतरी, महिलाओं की जीविका समूहों को 10 हजार की राशि और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों में हम पार्टी का अहम योगदान रहा है।’
हमारी विधानसभा में आवाज भी होनी चाहिए
मांझी ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी एनडीए की सहयोगी है और गठबंधन के साथ मजबूती से जुड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि दरभंगा ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ने पर चर्चा एनडीए नेतृत्व से जारी है और जहां से भी सीट मिलेगी, वहां पूरी ताकत से चुनाव लड़ा जाएगा। चाहे हिंदू हों, मुसलमान हों, पुलिस या होमगार्ड हों, हम सभी के लिए विकास करेंगे, लेकिन हमारी विधानसभा में आवाज भी होनी चाहिए।
उन्होंने विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कहा कि सीटों का बंटवारा प्रतिष्ठा और शक्ति के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्राट चौधरी और धर्मेंद्र प्रधान के साथ हुई बैठकों में इस बात पर चर्चा हुई कि सीटों का उचित वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि पार्टी बहुमत से सरकार बना सके।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामचंद्र पासवान, आर. के. दत्ता, जिला अध्यक्ष मनोज सदाय, आनंद चौधरी सहित दर्जनों हम पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति रही।






