![]()

हिमाचल प्रदेश में रविवार रात 2 बजे शुरू हुई भारी बारिश आज दोपहर 2 बजे (12 घंटे) तक जारी रही। चंबा जिले में घर पर पत्थर गिरने से नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। उनकी 5 महीने पहले ही शादी हुई थी। जिसके बाद पत्नी मायके आई थी। रविवार को पति उसे लेने आया था और आज (सोमवार) ही उन्हें ससुराल लौटना था।
उधर, सिरमौर में डुगीं-शियाघाटी सड़क पर प्राइवेट बस दब गई। हालांकि बस में सवार यात्री सुरक्षित हैं।

बारिश के कारण प्रदेशभर में 3 नेशनल हाईवे समेत 466 सड़कें बंद हो गई हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन मंडी के दवाड़ा के पास लैंडस्लाइड होने से बंद है। शिमला-नालागढ़ स्टेट हाईवे सुबह 4 घंटे तक बंद रहा। इससे 300 से ज्यादा वाहन सड़क पर फंसे रहे। प्रदेश में 1100 से ज्यादा बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए है।
प्रदेश में भारी बारिश को देखते हुए हिमाचल के 4 जिलों के 9 सब डिवीजन में स्कूलों की आज छुट्टी कर दी गई है। इनमें शिमला जिला के ठियोग, रोहड़ू, चौपाल, सुन्नी व कुमारसैन, मंडी के थुनाग व करसोग, कुल्लू की आनी और सिरमौर की शिलाई सब डिवीजन शामिल है। यह फैसला रास्ते और सड़कें बंद होने के चलते लिया गया है।
प्रदेश में नदी-नालों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी गई है। इसी बीच आज दोपहर 1 बजे तक बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, सोलन और ऊना जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल में लैंडस्लाइड और नुकसान के PHOTOS…

करसोग की कुठेहल-रशोग सड़क पर छीउरा पुल से टकराई चट्टान।


मंडी के थुनाग में भारी बारिश के बाद बाजार से बहने वाला नाला उफान पर है।


कुल्लू जिले के आनी में रात में बारिश के बाद उफान पर खड्ड (बरसाती नदी)।






