![]()
भारत के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम को 336 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अब ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। वहीं हार के बाद स्टोक्स ने जो बयान दिया उसने सभी को चौंका दिया।
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले को 336 रनों से अपने नाम करने के साथ इस सीरीज को अब 1-1 की बराबरी पर ला दिया है। एजबेस्टन के मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में पांचों दिन के खेल में टीम इंडिया का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला, जिसमें बात चाहे बल्लेबाजी की हो या गेंदबाजी की। इस मुकाबले में 1000 से ज्यादा रन बने, तो वहीं कुल 36 विकेट भी गिरे। हार के बाद इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपनी टीम के खराब खेल से ज्यादा पिच को हार के लिए दोषी ठहराते हुए नजर आए।
एजबेस्टन में हमें ऐसा लगा कि ये एशियाई पिच है
एशिया में जब कोई विदेशी टीम टेस्ट सीरीज खेलने के लिए आती है तो सबसे ज्यादा यहां की पिच को लेकर बात की जाती है, जहां पर बल्लेबाजी काफी मुफीद होने के साथ स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। वहीं बेन स्टोक्स ने एजबेस्टन टेस्ट मैच में हार के बाद बीबीसी स्पोर्ट्स को दिए बयान में कहा कि ये पिच ऐसी थी जैसे कि हम सब कांटिनेंट की किसी पिच पर खेल रहे हों जिस तरह से हम इस मैच में आगे बढ़े। खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ा हमारे लिए हालात काफी मुश्किल होते चले गए। भारतीय टीम जो इस तरह के हालात में खुद को काफी अच्छा महसूस करती है, उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। ऐसा कभी-कभी होता है, लेकिन इसमें आपको अधिक निराश होने की जरूरत नहीं है।









