ओडिशा के क्योंझर में भारी बारिश की वजह से भूस्खलन आ गया, जिसकी चपेट में कुछ मजदूर आ गए। भूस्खलन की मिट्टी में दबकर 3 मजदूरों की मौत हो गई।
ओडिशा में इन दिनों भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। क्योंझर में भारी बारिश की वजह से भूस्खलन आ गया, जिसकी चपेट में कुछ मजदूर आ गए। इस भूस्खलन की मिट्टी में दबकर 3 मजदूरों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह भूस्खलन मंगलवार शाम को आया था। आशंका जताई जा रही है कि मिट्टी में कुछ और मजदूर दबे हो सकते हैं।
बता दें कि क्योंझर जिले के बिचाकुंडी क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। इसकी वजह से ही यहां क्षेत्र के पास दलापहाड़ा में मंगलवार शाम को भूस्खलन आया। इस भूस्खलन की मिट्टी में दबकर जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान बिचाकुंडी क्षेत्र के गुरु चंपिया, संदीप मुर्ती और कांदे मुंडा के रूप में हुई है। तीनों मजदूर स्थानीय निवासी थे और हादसे के वक्त घटनास्थल पर मैंगनीज खनन का काम कर रहे थे।


