![]()

राजधानी के ज्ञान भवन में लगे दो दिवसीय आम महोत्सव रविवार को समाप्त हो गया। समापन समारोह में आम खाओ प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता हुई। आम खाओ प्रतियोगिता में 5 से 10 साल के 40 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। इसमें रियांश राज ने प्रथम, मधुबनी के विप्लव झा ने द्वितीय तथा पटना के ही अनुशिका नयन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इन बच्चों ने क्रमशः 8.20 सेकेंड, 9.00 सेकेंड तथा 9.80 सेकेंड में एक आम खाया। मौके पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 40 से अधिक स्कूलों के लगभग 200 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना के सोहन शुभम रेड्डी ने प्रथम, डीएवी स्कूल, खगौल, पटना के श्रीजा शरण ने द्वितीय तथा सेन्ट माइकल्स स्कूल, पटना के जयश्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी विजेता बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने आगे बताया कि काफी संख्या में किसानों एवं आमजनों तथा पटना शहरवासियों द्वारा इस दो दिवसीय महोत्सव का भ्रमण कर आनन्द उठाया गया।

आम उत्पादक किसानों को पैकेजिंग पर मिलेगा अनुदान: कृषि मंत्री
समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार आम उत्पादकों को पैकेजिंग पर अनुदान देकर उनके व्यवसाय को प्रोत्साहित करेगी। साथ ही उद्यानिक फार्म में आकर्षक वाटिकाओं का निर्माण कर बच्चों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव में राज्य के विभिन्न जिलों के 806 आम उत्पादक कृषकों एवं उद्यमियों के द्वारा आम एवं इसके उत्पाद के 5214 प्रदर्शों के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित विभिन्न वर्गों के अलग-अलग शाखाओं का मूल्यांकन वैज्ञानिकों की कमिटी द्वारा की गई एवं प्रत्येक वर्ग के हर एक शाखा में तीन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषकों एवं कलाकारों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में 5000 रुपए, 4000 रुपए का द्वितीय और 3000 रुपए का तृतीय पुरस्कार पारितोषिक दिया गया। कृषि सचिव पंकज कुमार ने कहा कि आम सिर्फ एक फल नहीं, हमारी सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर भी है।











