हनुमानगढ़ में दो व्यक्ति गेहूं चोरी करने के मकसद से दिनदहाड़े सूने मकान में घुस गए। वे गेहूं चोरी कर पड़ोस में ही स्थित अपने मकान की ओर डालने लगे। तभी अचानक मकान मालिक आ गया। उसे देखकर एक व्यक्ति तो भाग गया, जबकि दूसरा मकान मालिक के हत्थे चढ़ गया। मकान मालिक ने व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। मामला जंक्शन के सेक्टर नम्बर 12 का है। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में दोनों व्यक्तियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार जगदीश (70) पुत्र हरचन्द कुम्हार निवासी वार्ड दस, सेक्टर नम्बर 12, जंक्शन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पिछले कुछ दिनों से पत्नी सहित अपने पुत्र देवीलाल निवासी आईटीआई बस्ती के घर रहने के लिए अपने मकान को ताला लगाकर चला गया। पीछे से रोहित पुत्र टीटू वाल्मीकि, महेन्द्र निवासी सेक्टर नम्बर 12 उसके घर में घुसकर घर में पड़ा 5-6 क्विंटल गेहूं चोरी कर ले गए। 16 जून को जब वह घर पहुंचा तो घर से गेहूं गायब था।

18 जून को वह और उसकी पत्नी घर पर नहीं थे। दोपहर करीब तीन बजे वह अपने घर पहुंचा तो रोहित और महेन्द्र उसके घर में घुसे हुए थे। रोहित का मकान उसके मकान से सटा है। यह दोनों उसके घर से गेहूं चोरी कर रोहित के घर की ओर डाल रहे थे। उसने इन्हें देखा तो महेन्द्र भाग गया, लेकिन उसने रोहित को मौके पर पकड़ लिया और जंक्शन पुलिस थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने रोहित को पुलिस के हवाले कर दिया। जगदीश के अनुसार रोहित और महेन्द्र ने उसके घर से करीब 7-8 क्विंटल गेहूं चोरी कर लिया। यह दोनों बदमाश और नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं और चोरियां करते रहते हैं। पुलिस ने रोहित और महेन्द्र के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच हेड कॉन्स्टेबल लायक सिंह को सौंपी है।