बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सिमरी बख्तियारपुर विधायक ने किया निरीक्षण


Loading

मनीष कुमार सिंह,

*सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) :* कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने सोमवार को महिषी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

विधायक ने झाड़ा पंचायत, घोंघेपुर पंचायत एवं ऐना पंचायत के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों एवं ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को सुना। ग्रामीणों ने आवागमन, भोजन, स्वच्छ पेयजल, पशुचारा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कठिनाइयों से विधायक को अवगत कराया।

विधायक श्री सिंह ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना हमारा दायित्व है। लोगों की समस्याओं को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में विधायक ने विभिन्न स्थानों पर संचालित सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी जरूरतमंद परिवार को भोजन मिलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान विधायक ने बाढ़ प्रभावित बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों की विशेष देखभाल बेहद जरूरी है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वच्छ पेयजल, भोजन, दवाइयां, पशुचारा एवं अन्य जरूरी सुविधाएं प्रभावित लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।

विधायक ने कहा, “जनता की सेवा और संकट की घड़ी में अपने लोगों के साथ खड़ा रहना ही मेरी प्राथमिकता है। बाढ़ प्रभावित परिवारों की हर समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाने और राहत कार्यों पर लगातार नजर रखने का प्रयास जारी रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9653865111 हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर