![]()
*हापुड़ में दबंगों का कहर: SC/ST मामले की गवाही से नाराज होकर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी, महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार*
लेखराज कौशल (जिला प्रभारी हापुड़ )
हापुड़/पिलखुवा
जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के ग्राम कांवी से दबंगई और पुलिस की लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए एसपी हापुड़ को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त प्रार्थना पत्र के अनुसार प्रार्थिनी श्रीमती गुड्डी देवी पत्नी हरीशपाल सिंह निवासी ग्राम कांवी, थाना पिलखुवा, जिला हापुड़ ने बताया कि गांव के ही उदयवीर पुत्र धूम सिंह, उसके बेटे अरुण, हेमंत और भतीजा मोहित पुत्र तारा सिंह उसके परिवार से पुरानी रंजिश रखते हैं।
पीड़िता का आरोप है कि दिनांक 10-04-2025 को उक्त लोगों ने उसके और उसके जेठ चन्द्रपाल के साथ लाठी-डंडों से मारपीट और गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत लेकर वह थाना पिलखुवा गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पीड़िता ने बताया कि उक्त उदयवीर का आपराधिक इतिहास रहा है और वह वर्तमान में अपराध संख्या 404/26 धारा 191(2), 140(2), 115(2), 352, 351(3) BNS में थाना पिलखुवा से डासना जेल में बंद है। पीड़िता का आरोप है कि जेल जाते समय उदयवीर ने खुलेआम ऐलान किया कि “जेल से आते ही तेरे पति हरीशपाल और जेठ चन्द्रपाल का नितिन जैसा हाल करूंगा, नंगा करके पूरे गांव में घुमाऊंगा और गांव में नहीं रहने दूंगा।”
इस धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता का कहना है कि 30-07-2026 को उसके पति और जेठ पर रास्ते में पत्थर से हमला करने की भी कोशिश की गई।
*SC/ST एक्ट में गवाही बन रही है रंजिश की वजह*
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में सबसे बड़ा खुलासा किया है। उसने बताया कि उसके पति हरीशपाल सिंह, उदयवीर के खिलाफ दर्ज SC/ST एक्ट के मुकदमा अपराध संख्या 281/25 धारा 115(2), 352 BNS व 3(2)(va) SC/ST एक्ट थाना पिलखुवा में मुख्य गवाह हैं। इसी गवाही के चलते उदयवीर और उसका परिवार उनसे रंजिश रखता है और लगातार धमका रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि इस मुकदमे में अदालत ने उदयवीर के खिलाफ कई बार समन और वारंट जारी किए हैं, लेकिन वह आज तक अदालत में हाजिर नहीं हुआ और न ही उसने जमानत कराई है। पुलिस के साथ सांठ-गांठ के चलते वारंट की तामील तक नहीं हो रही है।
पुलिस के दरोगा बेटे के रसूख का आरोप
पीड़िता ने सबसे गंभीर आरोप यह लगाया है कि उदयवीर का पुत्र अरुण खुद यूपी पुलिस में दरोगा है। उसकी पुलिस विभाग में अच्छी पकड़ है। इसी वजह से थाना पिलखुवा पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं करती और उसके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं करती।
पीड़िता के अनुसार उदयवीर के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं –
– मु0अ0सं0 455/2009 धारा 323, 324, 504, 506 थाना हापुड़ देहात
– मु0अ0सं0 541/19 धारा 323, 325, 504, 506 थाना पिलखुवा
इसके बावजूद पुलिस उस पर हाथ डालने से कतरा रही है।
एसपी से न्याय की गुहार!
डरी-सहमी पीड़िता ने एसपी हापुड़ से मांग की है कि उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, उदयवीर और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए, और अदालत के वारंटों की तामील कराकर उसे गिरफ्तार किया जाए। साथ ही थाना पिलखुवा पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने के मामले की जांच कराई जाए।
अब देखना होगा कि पीड़िता की इस गुहार के बाद हापुड़ पुलिस क्या एक्शन लेती है, या फिर दबंगों के रसूख के आगे पीड़ित परिवार को ऐसे ही डर के साए में जीना पड़ेगा।






