![]()
*मनीष कुमार सिंह*,
सहरसा: सहरसा-बनगांव मार्ग पर विशेष वाहन जांच अभियान, 62 वाहनों से लगभग ₹2.70 लाख का अर्थदंड
जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार के निर्देशानुसार आज सहरसा-बनगांव रोड पर जिला परिवहन कार्यालय, सहरसा द्वारा विशेष वाहन जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार ढंग से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत अर्थदंड की कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान मोटरसाइकिल चालकों के चालक के हेलमेट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त ऑटो रिक्शा, चारपहिया वाहनों के भी आवश्यक अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
यह विशेष जांच अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत कुमार बरनवाल के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में अपर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री जीशान अहमद, मोटरयान निरीक्षक, सभी प्रवर्तन अवर निरीक्षक एवं जिला परिवहन कार्यालय के चलान दस्ता सक्रिय रहे।
जांच के दौरान कुल 62 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष वाहन जांच एवं जागरूकता अभियान पूर्व के तरह जारी रहेंगे।उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, ताकि सुरक्षित, अनुशासित एवं दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।






