![]()
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर खेल के मैदान पर जबरदस्त भिड़ंत होने जा रही है। 14 अक्टूबर को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले महीने 3 क्रिकेट मुकाबले खेले गए और इन तीनों ही मुकाबलों में पाकिस्तानी टीम को मुंह की खानी पड़ी। इस महीने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप 2025 में करारी शिकस्त दी। इन सभी मैचों में खेल के अलावा भारतीय टीम की नो हैंडशेक पॉलिसी काफी चर्चा में रही। आपको बता दें कि इन चारों मैचों में भारतीय टीम ने पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। नतीजा ये हुआ कि मैदान पर जमकर बवाल देखने को मिला था। अब एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होने जा रही है। हालांकि, ये मुकाबला क्रिकेट नहीं बल्कि हॉकी के मैदान पर खेला जाएगा। लेकिन सवाल फिर वही खड़ा होता है कि क्या दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाएंगे या नहीं।
क्या मिलाएंगी दोनों टीमें हाथ
दरअसल, सुल्तान जोहोर हॉकी कप 2025 में भारत और पाकिस्तान आज यानी 14 अक्टूबर को आमने-सामने होंगे। इस मैच से पहले खबर आई है कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ यानी PHF ने अपनी जूनियर टीम को मलेशिया के जोहोर बाहरु में भारतीय खिलाड़ियों से किसी भी तरह के हाथ मिलाने और किसी भी तरह की बेवजह झड़प से बचने का निर्देश दिया है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
सुल्तान जोहोर हॉकी कप का जोहोर बाहरु के तमन दया हॉकी स्टेडियम में आयोजन हो रहा है, जिसमें पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, मलेशिया और न्यूजीलैंड की टीम हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट का 11 अक्टूबर को आगाज हुआ था और फाइनल 18 अक्टूबर को खेला जाएगा। जूनियर खिलाड़ियों के इस शीर्ष टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच आज एक अहम मुकाबला खेला जाना है, जिसको लेकर PHF ने अपने खिलाड़ियों को खास निर्देश जारी किए हैं।
खेल पर फोकस करने के मिले निर्देश
PHF के एक अधिकारी ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया कि मुख्य कोच कामरान अशरफ के माध्यम से पाकिस्तान की जूनियर टीम और स्टाफ को मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने और सुल्तान जोहोर कप मैच के दौरान केवल अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा गया है। PHF ने खिलाड़ियों से कहा है कि वे भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने की उम्मीद न करें और न ही खुद हाथ मिलाने की पेशकश करें।







