![]()

जालोर में मानसून की एंट्री के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों जालोर 26, आहोर 36 व भाद्राजून में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा अन्य क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है।
जालोर में मानसून का प्रवेश होने के साथ जिले के कई भागों की अच्छी बारिश हुई है। जिससे जालोर जिले में गुरुवार की रात भर रुक-रुक कुल 5 एमएम बारिश हुई है। वहीं जालोर शहर में रात भर में 26, आहोर में 36, भीनमाल में 1, भाद्राजून में 30, रानीवाड़ा 2 व बागोड़ा में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं जालोर में पिछले 3 दिन आसमान में काले बादलों की आवाजाही लगी हुई है।

जालोर में अच्छी बारिश से तालाब, नदी-नालों में पानी की अच्छी आवक हुई है। शहर के सुन्देलाव तालाब, भाद्राजून के बावड़ियों में पानी की तेज आवक हुई। इसके अलावा भीनमाल में बुधवार की रात व गुरुवार को नदी में हल्की आवक हुई थी। आहोर से जोधपुर व पाली जाने वाले हाईवे 325 पर पानी भर गया है। जिससे आने जाने वाहन चालकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा है।

हालांकि जिले में बुधवार के मुकाबले गुरुवार को दिन के तापमान में 0.6 डिग्री बढ़ोतरी होकर 34.9 व रात के तापमान में 0.8 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 28.2 डिग्री दर्ज किया हैं। उमस बनी रहने से आमजन को दिन भर गर्मी से परेशानी रही हैं। शुक्रवार को भी बादल छाए रहे और धूप नहीं खिली।
मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले भर में अभी मानसून की बारिश का दौर जारी है। यह आगामी 7 दिन तक चलेगा। जिले में कहीं कम तो कहीं तेज बारिश होगी।






