![]()
गुड़गांव प्रॉपर्टी अपडेट: दिल्ली एनसीआर के प्रमुख डेवलपर सिग्नेचर ग्लोबल ने बेंगलुरु की कंपनी RMZ के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने साउथ पेरिफेरल रोड (SPR), गुड़गांव में एक मिक्स्ड-यूज प्रोजेक्ट विकसित करने का निर्णय लिया है। यह प्रोजेक्ट 50:50 की साझेदारी में तैयार होगा।

गुड़गांव SPR पर बड़ा मिक्स्ड-यूज़ प्रोजेक्ट: सिग्नेचर ग्लोबल और RMZ ने हाथ मिलाया
नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर का प्रमुख शहर गुड़गांव अब रियल एस्टेट डेवलपमेंट में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दक्षिणी पेरिफेरल रोड (SPR) पर, जो गुरुग्राम का तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र माना जाता है, सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड और बेंगलुरु की प्रमुख कमर्शियल रियल एस्टेट कंपनी RMZ मिलकर 3.94 मिलियन वर्ग फुट का भव्य मिक्स्ड-यूज़ प्रोजेक्ट विकसित करेंगे। इस प्रोजेक्ट में ऑफिस स्पेस, आलीशान होटल और आधुनिक रिटेल क्षेत्र शामिल होंगे।
समझौते की डिटेल्स:
इस प्रोजेक्ट के लिए दोनों कंपनियों ने हाल ही में समझौता किया है। यह डेवलपमेंट 50:50 की साझेदारी में होगा। सिग्नेचर ग्लोबल अपने अनुभव और दिल्ली-एनसीआर की जमीन पर कार्य क्षमता लेकर आ रहा है, जबकि RMZ कमर्शियल स्पेस डिज़ाइन, मैनेजमेंट और किराए पर देने में माहिर है। सिग्नेचर ग्लोबल की सहायक कंपनी गुरुग्राम कॉमरसिटी लिमिटेड (GCL) और RMZ की मिलेनिया रियलटर्स प्राइवेट लिमिटेड ने सिक्योरिटीज सब्सक्रिप्शन एंड परचेज एग्रीमेंट (SSPA) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस डील के तहत RMZ 1,283 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीद और सब्सक्रिप्शन के माध्यम से 50% हिस्सेदारी ले रही है।
SPR क्यों चुना गया:
दक्षिणी पेरिफेरल रोड (SPR) को केवल सड़क नहीं बल्कि गुड़गांव का उभरता हुआ व्यावसायिक और रेजिडेंशियल हब माना जाता है। यहाँ बेहतरीन कनेक्टिविटी है, द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ाव है, और मेट्रो रेल भी जल्द यहाँ पहुंचने वाली है। इसके अलावा, क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर और रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज का विकास लगातार बढ़ रहा है। यही कारण है कि सिग्नेचर ग्लोबल और RMZ ने इस लोकेशन को चुना।
कंपनी का बयान:
सिग्नेचर ग्लोबल के फाउंडर और चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा, “यह प्रोजेक्ट हमारे ग्रोथ जर्नी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। दक्षिणी पेरिफेरल रोड (SPR) ने रेजिडेंशियल और कमर्शियल डेवलपमेंट दोनों के लिए खुद को प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया है। RMZ के साथ साझेदारी हमें उच्च गुणवत्ता वाला और भविष्य के लिए तैयार डेवलपमेंट देने में मदद करेगी। यह हमारे पहले बड़े कमर्शियल डेवलपमेंट के रूप में ग्राहकों और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य निर्माण का संकेत है।”
शेयर मार्केट का हाल:
सिग्नेचर ग्लोबल का शेयर बीएसई में 1061.80 रुपये पर बंद हुआ था। आज सुबह यह 1059.95 रुपये पर खुला और नीचे 1056.90 रुपये तक गया। उच्चतम स्तर पर यह 1068.25 रुपये तक पहुंचा। गुरुवार सुबह 10:30 बजे यह 1056.90 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, जो पिछले दिन की तुलना में 0.46% की गिरावट दर्शाता है।
इस बड़े मिक्स्ड-यूज़ प्रोजेक्ट से न केवल गुड़गांव का SPR और विकसित होगा, बल्कि निवेशकों और रियल एस्टेट सेक्टर दोनों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।






