![]()

बिहार विधानसभा चुनाव में पहले फेज की 121 सीटों पर वोटिंग के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। हालांकि, महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला अभी तक तय नहीं हो पाया है। कांग्रेस ने गुरुवार देर रात 48 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है।
राजद ने अब तक एक भी लिस्ट जारी नहीं की है। कई उम्मीदवारों को बिना किसी औपचारिक घोषणा के ही चुनाव चिन्ह मिल गए हैं। इधर, महागठबंधन से नाराज चल रहे विकासशील इंसान पार्टी (VIP) चीफ मुकेश सहनी ने गुरुवार को लेटर लिखा।
सूत्र ने बताया कि सहनी ने राहुल से कहा- हमें जितनी सीटें देने का आश्वासन दिया गया था, जो पूरा नहीं किया गया। सीटों की संख्या मायने नहीं रखतीं, क्योंकि हम विचारधारा के कारण गठबंधन का हिस्सा हैं और सांप्रदायिक और विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ लड़ना चाहते हैं।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, गठबंधन में मनमुताबिक सीटें नहीं मिलने से नाराज सहनी की राजद अध्यक्ष लालू यादव या तेजस्वी से दो दिनों से बातचीत बंद है। राहुल गांधी ने गुरुवार को राजद और सहनी से बात की। सहनी के गठबंधन से अलग होने की भी चर्चाएं तेज हैं।
दूसरी ओर, NDA के सभी पांच सहयोगी दलों ने सभी 243 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आज भाजपा प्रत्याशी और लोक गायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर से नॉमिनेशन करेंगी। जदयू से चेतन आनंद भी नवीनगर से नामांकन भरेंगे। राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार यादव तेजस्वी के खिलाफ अपना नॉमिनेशन करेंगे
बिहार चुनाव में नामांकन के साथ नेताओं की संपत्ति और मुकदमों का ब्योरा सामने आ गया है। पटना की मेयर सीता साहू के पुत्र शिशिर कुमार के पास 23.36 करोड़ की संपत्ति है। वे इस बार सबसे अमीर प्रत्याशी हैं।
दानापुर के विधायक रीतलाल यादव के पास कुल ₹13.22 करोड़ की संपत्ति है। पिछले पांच साल में उनकी संपत्ति ₹1.11 करोड़ बढ़ी है। उनके पास ₹12.08 करोड़ की अचल संपत्ति, ₹1.22 करोड़ बैंक बैलेंस और ₹85 हजार नकद शामिल है। उन पर करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तारापुर से नामांकन करने वाले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास कुल ₹11.31 करोड़ की संपत्ति है। उनके ऊपर सिर्फ दो मामले हैं, दोनों आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े। सम्राट ने अपने हलफनामे में खुद को डॉक्टर ऑफ लिटरेचर बताया है, डिग्री पीएफसी कामराज यूनिवर्सिटी से।
वहीं, जमालपुर से निर्दलीय प्रत्याशी शिवदीप लांडे लखपति हैं, लेकिन उनकी पत्नी ममता लांडे करोड़पति हैं। शिवदीप के पास ₹20.74 लाख नकद है, जबकि पत्नी के पास ₹6.68 करोड़ नकद/बैंक और ₹13.36 करोड़ की अचल संपत्ति है। उन पर आपराधिक मामला नहीं है।
उजियारपुर से राजद प्रत्याशी आलोक कुमार मेहता की कुल संपत्ति 72.37 लाख रुपए है, जिसमें नकद, शेयर, डाक बचत, स्कार्पियो और सोना शामिल हैं। उनकी पत्नी सीमा प्रसाद की संपत्ति 97.11 लाख रुपए है, जिसमें नकद, स्कार्पियो, वैन और 363 ग्राम सोना शामिल है।
कांग्रेस ने गुरुवार रात करीब 12 बजे अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी। इसमें 48 कैंडिडेट्स के नाम हैं। कुटुंबा से प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम चुनाव लड़ेंगे, जबकि सीनियर लीडर शकील अहमद कदवा से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
राजापाकर से प्रतिमा दास पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है। लिस्ट में 5 महिलाएं, 4 मुस्लिम उम्मीदवारों के नाम हैं। सोनबरसा से सरिता देवी, बेगूसराय से अमिता भूषण, हसुआ से नीतू कुमारी, कोढ़ा से पूनम पासवान और राजापाकर से प्रतिमा कुमारी को मैदान में उतारा गया है।






