![]()
उत्तर भारत में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण सोमवार को राजस्थान के कई जिलों में तेज बरसात हुई। जयपुर, नागौर, हनुमानगढ़, सीकर समेत कई जिलों में 4 इंच तक पानी बरसा। गरज-चमक के साथ हुई इस तेज बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया। इससे तैयार खरीफ की फसलें खराब हो गईं।
जयपुर के अधिकतर इलाकों में सुबह 11:30 से दोपहर 3 बजे तक रुक-रुक कर तेज बरसात होती रही। इसके बाद देर शाम को भी एक बार फिर तेज बारिश हुई। सीकर के श्रीमाधोपुर में बारिश से पंचाली अंडरपास में 5 से 6 फीट तक पानी भर गया। इसमें स्कॉर्पियो डूब गई। कई दुकानों में भी पानी घुस गया।
तेज हवा चलने, बादल छाने और लगातार बारिश का असर तापमान पर भी रहा। हनुमानगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री का ही अंतर रहा। यहां अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस सिस्टम का असर मंगलवार को भी राजस्थान के पूर्वी जिलों में रहेगा। मंगलवार को 9 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। 8 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ होगा और आसमान साफ रहेगा।
पिछले 24 घंटे में कुचामन में 3.46 इंच बरसात पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर, नागौर, जयपुर, बूंदी, हनुमानगढ़, झालावाड़, सीकर और श्रीगंगानगर के एरिया में तेज बरसात हुई। नागौर के कुचामन में 88MM, छोटी खाटू में 50MM, नावां 38MM, मकराना में 35MM, जायल में 48MM, बूंदी में 52MM, अलवर के थानागाजी में 44MM, बहादुरपुर में 31MM, किशनगढ़बास में 21MM बरसात हुई है।
इसके अलावा राजसमंद के रेलमगरा में 19MM, भीम में 15MM, सीकर के खंडेला में 70, श्रीमाधोपुर में 66MM, लोसल में 54MM, धोद में 56MM,श्रीगंगानगर के 365 हेड में 35MM, सूरतगढ़ में 44MM, घड़साना में 23MM, हनुमानगढ़ के नोहर, पीलीबंगा, टिब्बी में 27-27MM, हनुमानगढ़ शहर में 25MM, बीकानेर के लूणकरणसर में 26MM, चूरू में 25MM, पिलानी में 14.2MM बरसात दर्ज हुई।
जयपुर में 92MM बरसात इस सिस्टम के असर से राजधानी जयपुर में भी हर जगह बरसात हुई। छापरवाड़ा बांध के पास 92MM बारिश दर्ज हुई। दिल्ली रोड पर चांदवास पर 53MM, जालसू, दूदू, मौजमाबाद में 27-27MM, जोबनेर में 40MM, बैराठ में 52MM, शाहपुरा में 56MM, फागी में 35MM, चौमूं में 26MM और सांगानेर में 29MM बरसात दर्ज हुई।
12 डिग्री तक लुढ़का पारा, सीकर में सबसे ठंडा दिन राजस्थान में मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर दिखा। सोमवार को शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 12 डिग्री तक लुढ़क गया। 15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक भी नहीं पहुंचा। सबसे ज्यादा ठंडा दिन सीकर में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज हुआ।
इन शहरों में अधिकतम तापमान 30 से नीचे अजमेर में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री, अलवर में 24 डिग्री, जयपुर में 25.1 डिग्री, पिलानी में 24.7 डिग्री, उदयपुर में 29 डिग्री, बीकानेर में 29.3 डिग्री, चूरू में 24.1 डिग्री, गंगानगर मं 27.5 डिग्री, हनुमानगढ़ में
26.4 डिग्री, दौसा में 27.2 डिग्री, प्रतापगढ़ में 29.8 डिग्री, झुंझुनूं में 24.9 डिग्री और पाली में 29 डिग्री दर्ज हुआ।

बूंदी में 1 घंटे तेज बारिश, सड़क पर नदी की तरह बहा पानी
बूंदी में 1 घंटे तक हुई तेज बारिश ने शहर को पूरी तरह भिगो दिया। शहर का नवल बाजार जलमग्न हो गया। बाजार की मुख्य सड़क पर पानी नदी की तरह पूरे वेग से बहा। तेज बहाव में लोगों ने बाइक को पकड़कर बहने से बचा लिया।






