हिमाचल में लगातार बारिश, बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन से हर तरफ तबाही का मंजर है। ऐसा ही एक मंजर आज कुल्लू में देखते को मिला, जहां एक निर्माणाधीन बिल्डिंग लैंडस्लाइड की जद में आ गई और देखते ही देखते खाई में समा गई।
हिमाचल प्रदेश के लिए इस साल का मानसूनी सीजन अब तक काफी घातक रहा है। राज्यभर में लगभग साढ़ तीन सौ लोगों की मौत बारिश, बादल फटने, बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण हो चुकी है। तमाम सड़कें टूट चुकी हैं, जिससे दूर-दराज के इलाके राजधानी और आसपास के प्रमुख शहरों से कटे हुए हैं। आए दिन राज्य में बादल फटने और लैंडस्लाइड की घटनाएं सुनने को मिल रही हैं।
इस बीच कुल्लू जिले के अंतर्गत आने वाले आनी उपमंडल में आज यानी मंगलवार 2 सितंबर को लैंडस्लाइड की एक नई घटना सामने आई। यहां भूस्खलन की चपेट में आने से एक निर्माणाधीन भवन देखते ही देखते खाई में समा गया। गनीमत यह रही कि भवन पहले से ही खाली था, जिससे किसी तरह से जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक यह वही भवन है जो साल 2023 में लैंडस्लाइड की चपेट में आए भवनों के नजदीक स्थित था। दो साल पहले हुए हादसे के बाद से यह भवन खाली पड़ा हुआ था। ताजा भूस्खलन में यह भी मलबे की जद में आ गया।