![]()
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘धुरंधर’ के साथ इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर कपिल शर्मा की ‘किस किस की प्यार करूं 2’ रिलीज हो गई है। वहीं धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन की आइकॉनिक कल्ट फिल्म ‘शोले’ भी नए अवतार में शुक्रवार को सिनेमाघरों में उतारी गई। ऐसे में तीनों फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। आइए जानते हैं कि रिलीज के पहले दिन इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की और दर्शकों का रिस्पॉन्स कैसा रहा।
![]()
बॉक्स ऑफिस पर इस समय कई फिल्मों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ जहां सिनेमाघरों में लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है और दर्शकों की अच्छी भीड़ जुटा रही है, वहीं इस शुक्रवार कुछ नई फिल्मों की भी एंट्री हुई है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा कपिल शर्मा की कॉमेडी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को लेकर थी, जो उनकी 2015 में आई डेब्यू फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ का सीक्वल है। पहली फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था, ऐसे में सीक्वल से भी बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन रिलीज के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई। कमजोर कहानी और दर्शकों के मिले-जुले रिस्पॉन्स का असर इसकी ओपनिंग पर साफ नजर आया। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन केवल 1.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जो उम्मीदों से काफी कम मानी जा रही है।
दूसरी ओर, हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार और आइकॉनिक फिल्मों में शामिल धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन स्टारर ‘शोले’ भी इस शुक्रवार नए अंदाज में सिनेमाघरों में री-रिलीज हुई। रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी इस कल्ट क्लासिक को 50 साल बाद 4K अल्ट्रा हाई डेफिनिशन (UHD) क्वालिटी में रिस्टोर किया गया है, जिससे दर्शकों को थिएटर में एक बिल्कुल नया और बेहतर विज़ुअल अनुभव मिल रहा है। ‘Sholay: The Final Cut’ नाम से रिलीज हुई इस फिल्म में ओरिजिनल क्लाइमेक्स समेत कई तकनीकी बदलाव किए गए हैं। स्क्रीन पर गब्बर का खौफ, जय-वीरू की दोस्ती, बसंती की चंचलता और वीरू के डायलॉग्स एक बार फिर दर्शकों को 1975 की यादों में ले जाते नजर आ रहे हैं। इस खास री-रिलीज को लेकर फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, हालांकि सीमित शोज और री-रिलीज फैक्टर के चलते पहले दिन फिल्म ने करीब 30 लाख रुपये की कमाई की है।
इसी बीच, बॉक्स ऑफिस पर पहले से चल रही फिल्मों की बात करें तो धनुष और कृति सेनन स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘तेरे इश्क में’ लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। मजबूत कहानी, म्यूजिक और वर्ड ऑफ माउथ के दम पर फिल्म दूसरे हफ्ते में भी टिके रहने में कामयाब रही है। भले ही 15वें दिन इसे कलेक्शन के लिए थोड़ी ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी हो, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने शुक्रवार को लगभग 1 करोड़ रुपये की कमाई की, जो यह साबित करता है कि कंटेंट में दम हो तो फिल्म लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर बनी रह सकती है।
कुल मिलाकर इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर नई रिलीज, री-रिलीज और पहले से चल रही फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। जहां ‘धुरंधर’ अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है, वहीं ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को आगे की रफ्तार के लिए सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ की जरूरत होगी। दूसरी ओर, ‘शोले’ की 4K री-रिलीज दर्शकों के लिए नॉस्टैल्जिया और नए तकनीकी अनुभव का खास मेल साबित हो रही है।






