![]()
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की शानदार कप्तानी में भारत ने पहली बार आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर वह मुकाम हासिल किया, जिसका सपना हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी बरसों से देख रहा था। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न केवल करोड़ों भारतीयों का दिल जीता, बल्कि देश के क्रिकेट इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
![]()
52 साल के लंबे इंतजार के बाद यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण लेकर आई है। फाइनल मैच के बाद देशभर में जश्न का माहौल है—सड़कों पर लोग तिरंगा लहराते नजर आ रहे हैं, सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई है और हर कोई “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा है। इस गौरवशाली पल को बॉलीवुड सितारों ने भी दिल से सेलिब्रेट किया।
अनुष्का शर्मा, प्रियंका चोपड़ा, श्रद्धा कपूर, कियारा आडवाणी, आलिया भट्ट और रणवीर सिंह जैसे कई दिग्गज सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की इस जीत पर गर्व जताया। श्रद्धा कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा—“1983 वाला पल देने के लिए शुक्रिया, गर्व है हमारी बेटियों पर।” वहीं अनुष्का शर्मा ने ट्वीट किया कि “यह जीत सिर्फ क्रिकेट की नहीं, बल्कि हर उस भारतीय महिला की है जो सपने देखती है और उन्हें सच कर दिखाती है।”
भारतीय महिला टीम की यह उपलब्धि न केवल खेल जगत के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह साबित करती है कि मेहनत, जज्बा और टीम स्पिरिट से कोई भी सपना असंभव नहीं। महिला खिलाड़ियों की इस जीत ने पूरे देश में नई उम्मीद और आत्मविश्वास की लहर जगा दी है।
अमिताभ बच्चन ने लिखा- जीत गए
अभिषेक बच्चन ने कहा- शाबाश लेडीज
अभिषेक बच्चन सबसे पहले रिएक्शन देने वालों में से थे, उन्होंने लिखा, ‘कम ऑन!!!! इंडिया!!! विश्व चैंपियन। शाबाश देवियों।’ प्रियंका चोपड़ा ने एक भावुक नोट साझा करते हुए कहा, ‘मैं नीले रंग के नायकों को देखते हुए बड़ी हुई हूं… आज रात, वे सभी उनकी तरह दिख रहे हैं। विश्व चैंपियन। बधाई हो टीम इंडिया।’
अनुष्का और कियारा ने भी दी बधाई
अनुष्का शर्मा लिखती हैं, ‘आप चैंपियन!! कितनी महत्वपूर्ण उपलब्धि।’ कियारा आडवाणी ने भी इसी भावना को दोहराते हुए कहा, ‘क्या अविश्वसनीय क्षण है, आपने इतिहास रच दिया!!! हमारी महिला खिलाड़ियों को बधाई।’
श्रद्धा कपूर का पोस्ट
श्रद्धा कपूर की भावुक पोस्ट लाखों लोगों की भावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “दशकों से, सिर्फ माता-पिता सुनते हैं कि 1983 कैसा लगा। हमें हमारा ये वाला पल देने के लिए शुक्रिया लड़कियों। यह पीढ़ियों के लिए है।’
अजय देवगन ने कहा- ऐसी रात कभी नहीं भूलेंगे
अजय देवगन ने टीम के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा, ‘एक ऐसी रात जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे। शुक्रिया, चैंपियंस। इस टीम ने दुनिया को दिखा दिया है कि सच्चा साहस और विश्वास क्या कर सकता है!’
सुनील शेट्टी ने कहा- पसीना, हौसला और हिम्मत
सुनील शेट्टी ने लिखा, ‘पसीना। हौसला। हिम्मत। निश्छल दिल। और इसी तरह इतिहास को एक नई चमक मिली! हमारी महिलाएं गौरव के पीछे नहीं भागीं, बल्कि उसे अपना लिया। हर छोटी बच्ची जिसके पास सपने हैं, और हर एक भारतीय जो जोर से कह रहा है – हम विश्व विजेता हैं।’
राजामौली को भी गर्व
फिल्म निर्माता एसएस राजामौली ने एक्स पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए लिखा, ‘विश्व की चैंपियन! हमारी महिला खिलाड़ियों ने कर दिखाया! दीप्ति की हरफनमौला प्रतिभा और शैफाली की विस्फोटक बल्लेबाजी ने गौरव की राह प्रशस्त की। हर भारतीय का दिल गर्व से भर गया है!’
‘इतिहास रच दिया’
अभिनेता-फिल्म निर्माता फरहान अख्तर भी जश्न में शामिल हुए और उन्होंने पोस्ट किया, ‘इतिहास रच दिया! हमारी नीली जर्सी वाली लड़कियों को बधाई। चैंपियन की तरह बल्लेबाजी और गेंदबाजी की और अब… वे विश्व चैंपियन हैं! क्या खेल था! एक बेहतरीन टीम प्रदर्शन। चलिए, जश्न शुरू करते हैं…।’






