वित्त-संसार:पति-पत्नी साथ मिलकर रखें निवेश की नींव


Loading

  • निवेश केवल विकल्प नहीं, बल्कि ज़रूरत है, जो आर्थिक रूप से मज़बूत बनाने के साथ आने वाले कल को सुरक्षित करने में मदद करता है। इसलिए आज ही अपने निवेश की शुरुआत करके वित्तीय स्वतंत्रता की ओर पहला क़दम बढ़ाएं

आजकल कई महिलाएं घर संभालने के साथ-साथ नौकरी भी करती हैं और अपनी आय से घर के ख़र्चों में बराबरी से योगदान देती हैं। लेकिन केवल कमाई से सारी ज़रूरतें पूरी नहीं होतीं। असली मज़बूती तब मिलती है जब महिलाएं अपनी आय का कुछ हिस्सा निवेश करें। कमाई रोज़मर्रा का सहारा है, जबकि निवेश भविष्य की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की कुंजी है। तो आप पति-पत्नी साथ में अपने लिए भी एक वादा कीजिए- अपने और अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा के निर्माण का वादा।

शुरुआती निवेश की ताक़त

धन के मामले में सबसे बड़ा हथियार है समय। जितनी जल्दी शुरुआत होगी, उतना अधिक लाभ मिलेगा। यह एक पौधे की तरह है- एक छोटा पौधा आज भले साधारण लगे, लेकिन नियमित देखभाल से वही आने वाले वर्षों में फलदार वृक्ष बन जाता है। इसी तरह, सिर्फ़ 500 या 1,000 रुपये की मासिक एसआईपी (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) भी वर्षों बाद बड़ी राशि का रूप ले सकती है। उदाहरण के लिए, अगर आप हर महीने 2,000 रुपये एसआईपी में निवेश करती हैं और इसका औसत वार्षिक रिटर्न 12% रहता है, तो 20 साल में यह राशि लगभग 20 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।

यही है निवेश की ताकत- आपका पैसा ख़ुद पर ब्याज कमाता है, और वह ब्याज आगे और अधिक ब्याज उत्पन्न करता है।

संख्या भी उम्मीद जगाती है

आरबीआई के अनुसार 2024-25 में महिलाओं की व्यक्तिगत ऋण हिस्सेदारी लगभग 23% तक पहुंच गई है। महिलाएं अब शिक्षा, कारोबार और मकान के लिए अधिक कर्ज़ ले रही हैं। जब इसे निवेश के साथ जोड़ा जाता है, तो परिवार की वित्तीय संरचना और संतुलित तथा मज़बूत बनती है।

मान लीजिए, यदि पति की आय से घर का ख़र्च और दीर्घकालीन लक्ष्य पूरे हों और पत्नी के निवेश से आपात स्थिति, उच्च शिक्षा या सेवानिवृत्ति का कोष बने, तो यह सहभागिता परिवार को हर संकट में सुरक्षित बनाएगा।

आत्मविश्वास की ओर

आर्थिक स्वतंत्रता महिला के आत्मविश्वास और मानसिकता को गहराई से बदल देती है। जब महिलाएं अपने धन का प्रबंधन करती हैं और उसे बढ़ते हुए देखती हैं, तो आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता दोनों मज़बूत होते हैं।

2025 के आंकड़ों के अनुसार 55% से अधिक जन धन खाते महिलाओं के नाम पर हैं। यानी आधार मज़बूत है। अब अगला क़दम है निवेश करना। यही बदलाव निर्भरता को वास्तविक वित्तीय स्वतंत्रता में बदलता है।

निवेश की तरफ बढ़ाएं क़दम

स्पष्ट लक्ष्य तय करें…

आप किसके लिए बचत कर रही हैं, जैसे- बच्चे की शिक्षा, सेवानिवृत्ति या पारिवारिक यात्रा आदि। लक्ष्य तय होंगे तो निवेश का रास्ता भी साफ़ होगा।

निवेश विकल्प समझें…

फिक्स्ड डिपॉज़िट, म्यूचुअल फंड, शेयर और सोना जैसे बुनियादी साधनों की जानकारी लें। आधारभूत जानकारी से सही निर्णय ले सकती हैं।

छोटे से शुरुआत करें…

बड़ी रक़म का इंतज़ार न करें। 500 रुपये की एसआईपी भी काफ़ी है। हालांकि, सफलता के लिए इसमें निरंतरता बहुत ज़रूरी है।

पेशेवर सलाह लें…

किसी वित्तीय सलाहकार से परामर्श लें या भरोसेमंद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें। विशेषज्ञ सलाह आपको ग़लती से बचा सकती है और लाभ दिला सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9653865111 हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर