![]()
दौसा जिले में बड़े भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी। जानकारी के बीच दोनों के बीच शराब के नशे में विवाद हो गया था।
जयपुर: राजस्थान के दौसा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भाई ने ही दूसरे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पूरा मामला रविवार देर रात का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक दो भाइयों के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया। इसी बीच बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में छोटे भाई की मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद से बड़ा भाई फरार चल रहा है। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
शराब के नशे में हुआ विवाद
दरअसल, बैजूपाड़ा थाना प्रभारी जगदीश शर्मा ने बताया कि जयप्रकाश (35) और उसका बड़ा भाई प्रेमचंद (40) घर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। थाना प्रभारी जगदीश शर्मा ने बताया कि दोनों में बहस के बीच बड़े भाई प्रेमचंद ने ताव में आकर छोटे भाई जयप्रकाश पर हमला कर दिया। प्रेमचंद्र ने जयप्रकाश के सिर पर कुल्हाड़ी उठाकर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि आनन-फानन में परिवार के सदस्य जयप्रकाश को सिकराय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश जारी
बैजूपाड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि बाद में पुलिस की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया, साक्ष्य एकत्र किए और घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी जगदीश शर्मा ने बताया कि आरोपी प्रेमचंद की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई हैं और आस-पास के गांवों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय घर में और कौन-कौन मौजूद था और विवाद का असली कारण क्या था। (इनपुट- पीटीआई)








