![]()

थाना लाडोवाल के अधीन आते गांव तलवंडी से पकड़े नशा तस्करों के बारे जानकारी देते पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा।
लुधियाना के गांव तलवंडी में आज सुबह पुलिस ने CASO ऑपरेशन के तहत रेड की। पुलिस ने पिछले एक हफ्ते से 8 नशा तस्करों पर नजर रखी हुई थी। आज जब पुलिस ने इनके ठिकानों पर छापा मारा, तो 5 तस्कर पकड़ लिए गए, जबकि 3 अभी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से कई तरह के नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। इन पर पहले से ही नशा तस्करी के 18 केस दर्ज हैं और सभी आरोपी जमानत पर बाहर थे।

CP बोले- 8 लोग थे पुलिस की रडार पर थे
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा कि हमेशा की तरह आज भी हमने गुप्त तरीके से थाना लाडोवाल के अधीन आते गांव तलवंडी में सुबह रेड की। 8 संदिग्ध लोग पुलिस की रडार पर थे। छापेमारी में 5 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इन तस्करों से कितना नशा मिला इस संबंधी बाद में जानकारी दी जाएगी।

4 महीने में 467 FIR दर्ज
कमिश्नर शर्मा ने कहा कि मार्च महीने से अब तक 4 महीनों में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ 467 FIR दर्ज की है। पुलिस ने 623 नशा तस्करों को पकड़ा है। अभी तक जिले में जितने भी मामले दर्ज हो रहे हैं उनमें 92 फीसदी मामले नशा तस्करी के हैं। पुलिस जमानत पर आए व्यक्ति की हर हरकत पर नजर रखती है।
वह किन लोगों से मिलता है या वह किस तरह की गतिविधियों में शामिल है। यदि कोई नशे की दलदल में फंसा है तो उसे नशा छुड़ाऊ केन्द्र में भी दाखिल करवाया जाता है। 4 महीने में पुलिस टीम ने 20 किलो हेरोइन, 15 किलो अफीम, 3 क्विंटल चूरापोस्त आदि अभी तक नशा तस्करों से बरामद किया है।






