![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके 61वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने जनसेवा के प्रति शाह की प्रतिबद्धता की सराहना की और उन्हें एक परिश्रमी व समर्पित नेता के रूप में उल्लेख किया।

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। 22 अक्टूबर 1964 को जन्मे शाह को इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जनसेवा में शाह के समर्पण और परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि शाह ने भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है और हर भारतीय को सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। पीएम ने उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना भी की।
अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में गुजराती दंपति कुसुमबेन और अनिलचंद्र शाह के घर हुआ था। उनके दादा गायकवाड़ के बड़ौदा राज्य की मानसा रियासत में एक प्रतिष्ठित व्यापारी थे। अमित शाह, अपनी रणनीतिक समझ और संगठन क्षमता के लिए जाने जाते हैं। गृह मंत्री बनने से पहले वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गुजरात के गृहमंत्री और पार्टी के महासचिव जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। 2019 में वे गांधीनगर से लोकसभा सांसद चुने गए थे और तब से केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

2014 के आम चुनावों में जब भाजपा ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया, तब अमित शाह को उत्तर प्रदेश जैसे अहम राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। शाह की रणनीति और संगठनात्मक कौशल का असर यह रहा कि भाजपा को राज्य से रिकॉर्ड 73 सीटें मिलीं और वोट शेयर 42% तक पहुंच गया। यह नतीजे न सिर्फ पार्टी के लिए ऐतिहासिक थे, बल्कि शाह की चुनावी रणनीति की सफलता का भी बड़ा प्रमाण बने।






